
Rewa News: घर में अकेली रह रही महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने सिर पर पत्थर पटक दिया था। मनगवां के कोनियाकला गांव में हुई इस वारदात के बाद पुलिस हैरान है। पिछले दिनों भी इसी तरीके से एक महिला की हत्या हुई थी। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
कोनियाकला निवासी यशोदा कुशवाहा पति रामानुज 70 घर में अकेले रह रही थीं। दोनों बेटे गुजरात में नौकरी करते हैं। घर में किराने की दुकान भी थीं। सोमवार शाम वह दुकान बंद कर घर के अंदर चली गई थीं। रात में पीछे तरफ निर्माणाधीन मकान से आरोपी दाखिल हुए और अंदर सो रही महिला पर पत्थर पटक दिया था।
Read More: ChatGPT को टक्कर देने के लिए Google ‘Bard’ की तैयारी में
सिर व चेहरे सहित कई जगह चोट लगी थी। हत्या की जघन्य वाररात के बाद आरोपी फरार हैं। लेकिन किसी को भनक तक नहीं लगी। सुबह पड़ोसियों ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन नहीं खुला। पीछे से जाकर देखा तो खून से लथपथ शव पड़ा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। सीन आफ क्राइम यूनिट के वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. आरपी शुक्ला ने टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया।
महिला के शरीर में कई जगह पत्थर पटकने के निशान थे। घटनास्थल से आरोपियों से जुड़ा कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। फिलहाल, पुलिस अब आरोपियों की तलाश कर रही है।
चोरों पर संदेह
प्रारंभिक पूछताछ में महिला की किसी से दुश्मनी का पता नहीं चला। पुलिस को आशंका है कि आरोपी चोरी के इरादे से घर में घुसे थे और महिला के जागने पर हत्या कर दी होगी। हालांकि, घर में रखे जेवर व रुपए सुरक्षित हैं। सामान चोरी होने की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस घटना के अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। पुलिस ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है।
Read More: एंड्रॉयड से कितना अलग स्वदेशी BharOS, जानिए कब होगा लॉन्च
स्थानीय संदेहियों से चल रही पूछताछ
इस घटना के आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस अब संदेहियों से पूछताछ कर रही है। कुछ स्थानीय युवकों को पुलिस ने निशाने पर लिया है जिनकी निगरानी पुलिस कर रही है। हत्या के पीछे महिला के किसी परिचित का हाथ होने की संभावना जताई जा रही है जिसको महिला से पहचान सार्वजनिक होने की उम्मीद थी और उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए महिला की हत्या कर दी।